मार्केट ऑर्डर्स
मार्केट ऑर्डर ब्रोकर द्वारा प्रोवाइड किए गए दाम पर फ़ौरन एक्सीक्यूट हो जाने वाला एक ट्रेड होता है। इसमें बाय (खरीदारी) और सेल (बिक्री), दोनों ऑर्डर आ जाते हैं।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि EUR/USD करेंसी पेयर फ़िलहाल 1.2140 पर है, और उसका आस्किंग प्राइस 1.2142 का है। अगर आप EUR/USD खरीदना चाहते हैं, तो वो आपको 1.2142 की कीमत पर बेचा जाएगा। "खरीदें" पर क्लिक करने पर ट्रेडिंग प्लेटफ़ॉर्म मौजूदा मार्केट प्राइस* पर फ़ौरन एक बाय ऑर्डर को एक्सीक्यूट कर देगा।
*प्लीज़ ध्यान दें: ट्रेड प्लेस करने और प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए ट्रेड के एक्सीक्यूट होने के दरमियाँ स्लिपेज के चलते कोट किए गए प्राइस में बदलाव आ सकता है। और जानने के लिए स्लिपेज वाले हमारे सेक्शन में जाएँ।
पेंडिंग ऑर्डर्स
पेंडिंग ऑर्डर एक ऐसा ट्रेड होता है, जिसे बाद में, आपके द्वारा बताए गए प्राइस पर एक्सीक्यूट होने के लिए सेट किया गया होता है। पेंडिंग ऑर्डर टाइप्स में शामिल हैं लिमिट ऑर्डर, स्टॉप लॉस, और ट्रेलिंग स्टॉप्स।
लिमिट ऑर्डर्स
लिमिट ऑर्डर एक ऐसा ऑर्डर होता है, जिसे एक तय दाम पर या तो मार्केट से नीचे खरीदने या फिर मार्केट से ऊपर बेचने के लिए प्लेस किया जाता है। किसी तय दाम या उससे कम पर खरीदारी करने के लिए "बाय लिमिट" ऑर्डर डाला जाता है। किसी तय दाम या उससे ऊपर बेचने के लिए "सेल लिमिट" ऑर्डर डाला जाता है। मार्केट के "लिमिट प्राइस" पर पहुँचते ही ऑर्डर ट्रिगर हो जाता है और लिमिट प्राइस (या उससे बेहतर प्राइस) पर आपका ट्रेडिंग प्लेटफ़ॉर्म अपने आप ही ट्रेड को एक्सीक्यूट कर देता है।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि EUR/USD करेंसी पेयर फ़िलहाल 1.2050 पर ट्रेड कर रहा है, और प्राइस के 1.2070 पर पहुँचने पर आप शॉर्ट करना चाहते हैं। ऐसे में, आपके पास दो ऑप्शन होंगे:
- मार्केट्स पर लगातार नज़र रखते हुए प्राइस के 1.2070 तक आने का इंतज़ार करें। ये प्राइस आते ही सेल मार्केट ऑर्डर पर आपको मैन्युअली क्लिक कर देना होगा, या फिर
- 1.2070 पर एक सेल लिमिट ऑर्डर सेट कर दें। उसे बाद, जैसे ही कीमत आपके द्वारा सेट किए गए प्राइस को टच करेगी, आपका ट्रेडिंग प्लेटफ़ॉर्म अपने आप ही ट्रेड को एक्सीक्यूट कर देगा।
आमतौर पर इस तरह के ऑर्डर का इस्तेमाल तब किया जाता है, जब आपको यकीन हो कि एक तय दाम को छूकर प्राइस वापस आ जाएगा।
स्टॉप एंट्री ऑर्डर्स
स्टॉप ऑर्डर के तहत कीमत के एक तय स्टॉप लेवल पर पहुँचते ही उस ऑर्डर को एक्सीक्यूट होने से "स्टॉप", यानी कि रोक दिया जाता है। मार्केट प्राइस से ऊपर की कीमत पर खरीदने के लिए "बाय स्टॉप" ऑर्डर डाला जाता है, और मार्केट प्राइस के बाय स्टॉप प्राइस को छूते या उससे ऊपर जाते ही ये ऑर्डर ट्रिगर हो जाता है। किसी तय प्राइस पर बेचने का ऑर्डर डालने के लिए "सेल स्टॉप" ऑर्डर का इस्तेमाल किया जाता है।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि GBP/USD करेंसी पेयर फ़िलहाल 1.5050 पर ट्रेड कर रहा है और उसका रुझान ऊपर का है। अगर आपको लगता है कि 1.5060 छूने के बाद प्राइस उसी दिशा में बढ़ता रहेगा, तो आप ये तरीके अपनाकर देख सकते हैं:
- मार्केट पर नज़र रखकर प्राइस के 1.5060 तक पहुँचने का इंतज़ार करें और मार्केट प्राइस पर खरीदने के लिए मैन्युअली क्लिक कर दें, या फिर
- 1.5060 पर एक स्टॉप एंट्री ऑर्डर सेट कर दें ताकि सेट प्राइस आते ही ट्रेडिंग प्लेटफ़ॉर्म पर वो ऑटोमेटिकली एक्सीक्यूट हो जाए।
स्टॉप लॉस ऑर्डर
स्टॉप लॉस ऑर्डर एक ऐसा ऑर्डर होता है, जिससे मार्केट प्राइस के किसी तय प्राइस पर पहुँचते ही ट्रेड पोज़ीशन क्लोज़ हो जाती है, फिर भले ही उससे आपको नफ़ा हुआ हो या नुकसान। प्राइस के विपरीत दिशा में जाने पर आपको अतिरिक्त नुकसान से बचाना ही स्टॉप लॉस ऑर्डर का उद्देश्य होता है।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि आपने 1.2230 पर EUR/USD को लॉन्ग किया है (यानी कि खरीदा है), और आपका अंदाज़ा है कि मार्केट प्राइस ऊपर जाएगा। लेकिन मार्केट के उल्टी दिशा में जाने पर संभावित नुकसानों को कम करने के लिए आप 1.2200 पर एक स्टॉप लॉस ऑर्डर सेट कर देते हैं।
अगर आपकी प्रेडिक्शन गलत साबित होती और ऊपर जाने के बजाय EUR/USD गिरकर 1.2200 हो जाता है, तो 1.2200 (या फिर सबसे बेहतरीन अवेलेबल प्राइस) पर सेल ऑर्डर को ऑटोमेटिकली एक्सीक्यूट करके 30 पिप के लॉस पर आपका ट्रेडिंग प्लेटफ़ॉर्म आपकी पोज़ीशन को क्लोज़ कर देगा। इस नुकसान के बावजूद स्टॉप लॉस न लगाने वाले वैसे ही किसी और ट्रेड की तुलना में आपका नुकसान काफ़ी सीमित होगा। गौरतलब है कि पोज़ीशन के बंद या आपके द्वारा कैंसल किए जाने तक स्टॉप लॉस ऑर्डर बरकरार रहता है।
ट्रेलिंग स्टॉप
ट्रेलिंग स्टॉप एक ऐसा स्टॉप लॉस ऑर्डर होता है, जो हमेशा किसी ओपन पोज़ीशन से जुड़ा रहता है, और मुनाफ़े के आपके द्वारा बताए गए लेवल पर पहुँचने या उससे ऊपर जाने पर वो अपने आप ही चल पड़ता है।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि 20 पिप्स के ट्रेलिंग स्टॉप के साथ आप USD/JPY को 90.80 पर शॉर्ट करने का फ़ैसला करते हैं। इसका मतलब ये हुआ कि आपका ओरिजिनल स्टॉप लॉस 91.00 का है। अगर कीमत में गिरावट आकर वो 90.60 तक चली जाती है, तो आपका ट्रेलिंग स्टॉप 90.80 (या फिर ब्रेकईवन) तक नीचे चला जाएगा।
यहाँ ध्यान देने वाली बात ये है कि आपका स्टॉप इसी नए प्राइस लेवल पर बना रहेगा – विपरीत दिशा में बाज़ार के ऊपर चले जाने से इसमें बढ़ोतरी नहीं आएगी। USD/JPY के 90.40 पर पहुँचने पर आपका स्टॉप 90.60 तक चला जाएगा (या फिर वो 20 पिप वाले मुनाफ़े पर लॉक हो जाएगा)।